अभिषेक शर्मा और नमन धीर की तूफानी पारी भी नहीं आई काम, प्रभसिमरन सिंह ने शतक लगाकर अपनी टीम को दिलाई जीत

शेर-ए-पंजाब टी20 लीग 2026 के पांचवें मुकाबले में हाई स्कोरिंग मुकाबला देखने को मिला। अभिषके शर्मा की कप्तानी वाली अमृतसर सूरमास को प्रभसिमरन सिंह की अगुवाई वाली टीम जालंधर वॉरियर्स से हार का सामना करना पड़ा। मोहाली में खेले गए इस मुकाबले में कुल 529 रन बने और 264 रनों का टारगेट चेज हुआ। अभिषेक की कप्तानी पारी बेकार चली गई।
अमृतसर के लिए खेलते हुए अभिषेक ने शानदार अर्धशतक लगाया, जबकि नमन धीर ने शतकीय पारी खेली। हालांकि, इन दोनों की पारी पर प्रभसिमरन सिंह की पारी भारी पड़ी और उन्होंने नाबाद रहते हुए शतक लगाकर अपनी टीम को जीत दिलाई। अभिषेक की कप्तानी वाली टीम की ये लगातार दूसरी हार है। उन्हें अपने पहले मैच में भी हार का सामना करना पड़ा था।
अभिषेक शर्मा और नमन धीर ने खेली शतकीय पारी
टॉस हारकर पहले बल्लेबाजी करने के लिए उतरी अमृतसर सूरमास की टीम की शुरुआत अच्छी नहीं रही। विकेटकीपर बल्लेबाज सहज धवन 2 रन बनाकर आउट हो गए। हालांकि, इसके बाद कप्तान अभिषेक शर्मा और नमन धीर ने मिलकर मोर्चा संभाला। दोनों ने जालंधर के गेंदबाजों की कुटाई शुरू कर दी। दोनों बल्लेबाजों ने दूसरे विकेट के लिए 151 रनों की साझेदारी की। अभिषेक ने 26 गेंदों पर 82 रनों की तूफानी पारी खेली, जिसमें 5 चौके और 7 छक्के शामिल रहे।
Source: Jagran.com
